हिमाचल जनादेश ,पांवटा साहिब (प्रखर गुप्ता )
सिरमौर स्थित शिलाई उपमंडल के पाब गांव में रविवार को अचानक बिजली का करंट दौड़ गया। पूरे गांव में करंट फैलने से एक महिला व एक गाय को करंट का झटका लगा है। करंट लगने से महिला बेहोश हो गई। उसे बेहोशी की हालत में उपचार के लिए शिलाई लाया गया है। गाय भी बेहोश है।
जानकारी के अनुसार पाब में करीब सुबह 9 बजे अचानक हाई वोल्टेज आने से पूरे गांव में करंट दौड़ गया। हाई वोल्टेज के कारण लोगो के घरों में लगे बिजली बल्ब ओर अन्य उपकरण जल गए।
गाय बांधते समय लगा करंट
महिला सूरतो देवी (50) अपने घर के आंगन में कपड़े धोने के बाद पशुशाला में गाय बांध रही थी। उसी दौरान अचानक सुरतो देवी को जोर से करंट का झटका लगा और वह बेहोश हो गई। उसके साथ ही उस गाय को भी करंट का झटका लगा, जिसे वह पशुशाला में बांध रही थी। करंट लगने से गाय भी बेहोश हो गई। बेटी ने गोशाला में जब बेहोश मां को देखा तो उसने इसकी सूचना फोन पर तुरंत पिता को दी।
रिपोर्ट आने के बाद इलाज का चलेगा पता
शिलाई अस्पताल के चिकित्सक हेमंत सिंह ने बताया कि महिला का उपचार हो रहा है। बेहोशी की हालत में महिला को यहां लाया गया है। टेस्ट रिपोर्ट आने पर बताया जा सकेगा कि महिला का उपचार यहीं हो पाएगा या नाहन रेफर करनी होगी।
विद्युत बोर्ड की टीम भी मौके पर पहुंची
उधर, शिलाई विद्युत उपमंडल के कनिष्ठ अभियंता कुंदन सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौका पर भेज दिया है। बताया कि यह पता बाद में ही लग पाएगा कि करंट गांव में कैसे आया।