हिमाचल जनादेश , चम्बा (दीपक महाजन )
चंबा जिले में पंजाब पुलिस पर हमला हुआ है। पुलिस की टीम चरस तस्कर को पकड़ने आई थी, जिसे ग्रामीणों ने मिलकर भगा दिया। नशा तस्कर को भगाने वालों के खिलाफ पुलिस सदर थाना चंबा में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई है। मामले की पुष्टि ASP चंबा विनोद धीमान ने की।
मिली जानकारी के अनुसार चंबा के प्लयूल गांव में रहने वाले रूस्तम के खिलाफ करीब 2 वर्ष पहले पंजाब में चरस तस्करी के मामले में केस दर्ज दिया गया। आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, तब से पंजाब पुलिस को उसकी तलाश है। इस बीच मुखबिर से सुराग लगा।
बुधवार को पंजाब पुलिस ने चंबा पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने के लिए उसके गांव में दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रही थी कि आरोपी के रिश्तेदारों व कुछ गांव वालों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा कर भगा दिया।
पुलिस टीम के साथ आरोपी के रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने हाथापाई भी की। इस तरह आरोपी एक बार फिर से पुलिस हिरासत से भागने में सफल हो गया। सदर पुलिस थाना चंबा में करीब 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी के खिलाफ पंजाब की अदालत ने गैर जमानती वारंटी जारी कर दिया है।